एंकर इन्ट्रो:
हाथरस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अलीगढ़ मंडल की आयुक्त संगीता सिंह ने शनिवार को अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीओ-1:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित भ्रमण को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। इसी क्रम में अलीगढ़ मंडल की आयुक्त संगीता सिंह ने जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
वीओ-2:

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने हेलीपैड, पंडाल, मंच, वीआईपी एवं आमजन की बैठक व्यवस्था, मीडिया दीर्घा, पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वीओ-3:

मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, पेयजल, छाया, चिकित्सा टीम और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और अग्निशमन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
वीओ-4:

उन्होंने वीआईपी और आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग बनाए जाने के भी निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहे। वहीं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और युद्धस्तर पर तैयारियां जारी हैं।
एंकर आउट्रो:
प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी। फिलहाल पूरे कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
संपादक -चंद्रपाल सिंह जादौन हाथरस


