हाथरस में कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार केंद्र का शुभारंभ, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

हाथरस में युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस लाइन स्थित माधव प्रेक्षागृह में सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार केंद्र के शुभारंभ के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी हाथरस सत्यप्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने शपथ भी ली। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।

सरकार की इस पहल से युवाओं को अपने हुनर को निखारने और रोजगार के नए अवसर प्राप्त करने में मदद मिलने की उम्मीद है।


