मथुरा-बरेली हाईवे पर भीषण हादसा, मां और 2 साल की मासूम गंभीर घायल

मथुरा। मथुरा-बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उनकी दो वर्षीय मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक चला रहे मुकेश बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, मथुरा के मनोहरपुर निवासी मुकेश अपनी पत्नी सुमन (27) और दो वर्षीय बेटी हिमानया के साथ बाइक से बरसे गांव जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सुमन के भाई की तबीयत खराब थी और परिवार उन्हें देखने के लिए निकला था। इसी दौरान हाईवे पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सड़क पर गिर गई और मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सूचना पर एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां दोनों का उपचार जारी है। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।


