हाथरस में घरेलू विवाद के बाद महिला की मौत, पति पर लोहे की सरिया से हमला करने का आरोप

हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव गढ़ी गिरधरा में रविवार दोपहर घरेलू विवाद के बाद 30 वर्षीय महिला तुलसी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने पति उत्तम सिंह पर लोहे की सरिया से सिर पर हमला करने का आरोप लगाया है।

बताया गया कि महिला के सिर से खून बह रहा था और शरीर पर चोटों के निशान थे। ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

ग्रामीण कुसुम लता के मुताबिक, एक बच्ची ने माता-पिता के बीच झगड़े और मां के घायल होने की जानकारी दी थी। उत्तम सिंह ई-रिक्शा चलाता है। दंपती की तीन बेटियां और एक बेटा है। परिवार दो महीने पहले नगला खान से यहां किराए पर रहने आया था। पुलिस पति पर लगे आरोपों और घटना के कारणों की जांच कर रही है। महिला की मौत से परिवार में शोक छा गया है।


