जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय का सफल ऑपरेशन, चिकित्सकों ने दी आराम की सलाह
हाथरस। जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय के हाथ का दिल्ली स्थित इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में सफल ऑपरेशन किया गया है। क्षेत्रीय दौरे के दौरान दुर्घटनावश गिरने से उनके हाथ में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उनका उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार, 10 जून को क्षेत्र भ्रमण के दौरान वह एक शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पर संतुलन बिगड़ने से वह गिर गईं और उनके हाथ में चोट लग गई। प्रारंभिक उपचार सिकंद्राराऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा भेजा गया।
आगरा में कराई गई जांच में हाथ की हड्डी में कई स्थानों पर फ्रैक्चर पाया गया। चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें आगे के उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया, जहां वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राजू वैश्य और उनकी टीम ने सफल सर्जरी की।
ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय तक पूर्ण विश्राम करने तथा हाथ पर किसी प्रकार का दबाव न डालने की सलाह दी है। उनके शुभचिंतकों और समर्थकों ने शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।


