वर्चस्व की लड़ाई में दिनदहाड़े चली गोली, युवक के चेहरे पर लगी गोली; इलाके में मची अफरा-तफरी
हाथरस। जिले के थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर सोमवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। मथुरा-बरेली हाईवे पर गांव मिरगामई कट के पास दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान चली गोली में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला बागला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान विशाल पुत्र राजेश, निवासी गांव अखाईपुर, थाना हाथरस जंक्शन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान विशाल के चेहरे पर गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल के साथ मौजूद युवक ने बताया कि रविवार को एक पेट्रोल पंप पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उसी विवाद का फैसला कराने के लिए सोमवार को विशाल अपने कुछ साथियों के साथ मिरगामई कट के पास पहुंचा था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के विष्णु, रोहन और यशु, निवासी नगला आलिया, ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली विशाल के चेहरे पर जा लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
इस मामले में प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एक युवक घायल हुआ है, जिसका उपचार कराया जा रहा है। घायल द्वारा कुछ लोगों के नाम बताए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


