वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
हाथरस। थाना सासनी पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी और छीनी गई 4 मोटरसाइकिलें तथा 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना सासनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किला सासनी क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पिछले तीन-चार महीनों से जिले में लगातार मोटरसाइकिल चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं हो रही थीं। घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। यूपी-112 के डेटा, सर्विलांस और गूगल मैप के माध्यम से चोरी के हॉटस्पॉट चिन्हित कर रणनीति बनाई गई, जिसके बाद यह सफलता मिली।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी तथा छीना-झपटी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी किए गए सामान को बाद में कम कीमत पर बेच देते थे। पूछताछ में सासनी, हाथरस, पलवल और फरीदाबाद क्षेत्र में की गई कई वारदातों का भी खुलासा हुआ।
पुलिस ने बरामद वाहनों और मोबाइलों को संबंधित मुकदमों से जोड़ते हुए आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की जांच करते हुए अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।


