हाथरस में धान की रोपाई के बीच किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स ने नगला भुस स्थित तिवारी खाद भंडार, मीतई का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यूरिया, डीएपी, पोटाश सहित विभिन्न उर्वरकों के स्टॉक और बिक्री व्यवस्था की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान विक्रय पंजिका में खाद खरीदने वाले किसानों के मोबाइल नंबर दर्ज नहीं मिले। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक किसान का मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर किसानों से संपर्क कर निर्धारित मूल्य पर खाद मिलने की पुष्टि की जा सके।
जांच में अधिकृत विक्रेता भी अनुपस्थित मिला। डीएम ने स्पष्ट किया कि उर्वरकों की बिक्री केवल ई-पॉस मशीन पर बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही की जाएगी। यदि अधिकृत विक्रेता अनुपस्थित हो तो इसकी सूचना केंद्र पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उर्वरकों के निर्धारित मूल्य और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित खाद विक्रेता के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


