हाथरस। जिले में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। रविवार को आम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने थाना कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित वाटर बॉक्स बिजली घर पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में भारी वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता, विशेषकर गरीब वर्ग, आर्थिक रूप से परेशान हो रहा है। उनका कहना है कि पहले पोस्टपेड मीटर के तहत जहां मासिक बिल लगभग 1000 से 1200 रुपये आता था, वहीं अब स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह बढ़कर 2500 से 3000 रुपये तक पहुंच गया है।

कार्यकर्ताओं ने सरकार पर जनता का शोषण करने का आरोप लगाते हुए स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल बंद करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा। फिलहाल किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। बिजली विभाग की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।


