हाथरस में दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से पुलिसकर्मी की मौत

हाथरस जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पुलिस विभाग के एक कांस्टेबल की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल मनु चौधरी पुलिस लाइन हाथरस के सामने स्थित डीसीआरबी कार्यालय में तैनात थे। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब वह रेलवे ट्रैक के पास मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान अछनेरा-टनकपुर स्पेशल ट्रेन की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना हाथरस सिटी और हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। कांस्टेबल की अचानक मौत से परिजनों और साथी पुलिसकर्मियों का रो-रोकर बुरा हाल है।


