हाथरस के बेरगांव में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर लगाए जा रहे बोर्ड को पुलिस द्वारा गिराए जाने का मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ता जा रहा है। यह घटना हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के बेरगांव गांव में उस समय हुई, जब ग्रामीण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर बोर्ड स्थापित कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि रास्ते में बोर्ड लगाए जाने की शिकायत मिलने पर पोरा चौकी प्रभारी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने बोर्ड को हाथ से धक्का देकर गिरा दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली और पुलिस तथा ग्रामीणों के बीच तीखी बहस भी हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए बोर्ड को दोबारा स्थापित किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने चौकी प्रभारी संजीव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

अब इस पूरे मामले पर राजनीति भी तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर और नारी सम्मान का अपमान बताते हुए दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार से निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई है।



