हाथरस में टेंपो चालकों से अवैध वसूली करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई।
हाथरस में सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से टेंपो चालकों से अवैध वसूली की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के तालाब चौराहा का है, जहां नगर पालिका के ठेकेदार पर निर्धारित शुल्क से अधिक रकम वसूलने के आरोप लगे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी नगर, यातायात प्रभारी और कोतवाली नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि नगर पालिका द्वारा प्रति टेंपो 20 रुपये शुल्क निर्धारित था, लेकिन ठेकेदार ने अवैध वसूली के लिए सोनू और रिंकू मिश्रा नाम के लोगों को लगाया हुआ था।
आरोप है कि दोनों आरोपी टेंपो चालकों को डरा-धमकाकर तय शुल्क से दो से तीन गुना अधिक पैसे वसूलते थे। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


