हाथरस जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एसओजी और थाना हसायन पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने श्यामपुर माता मंदिर रोड से रोहित निवासी बपन्डई, बबलू और श्यामसुन्दर निवासी सिकन्द्राराऊ को दबोच लिया। अभियुक्तों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें, एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अलग-अलग क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उनके पार्ट्स खोलकर कबाड़ में बेच देते थे और उसी से अपना खर्च चलाते थे। पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए यूपी-112 के डाटा और गूगल मैप के जरिए चोरी के हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए थे, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
इस सफल अभियान में थाना हसायन प्रभारी निरीक्षक गिरीशचन्द्र गौतम और एसओजी प्रभारी धीरज गौतम अपनी टीम के साथ शामिल रहे। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


