हाथरस: अनाज मंडी में दिनदहाड़े चोरी, ढाई लाख से अधिक नकदी पार, व्यापारियों में आक्रोश
हाथरस के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र स्थित नवीन अनाज मंडी में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। अज्ञात चोरों ने बेखौफ अंदाज में घटना को अंजाम देते हुए दुकान का ताला तोड़कर करीब ढाई लाख से अधिक नकदी चोरी कर ली और फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी अरुण कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंडी समिति में उनकी दुकान संख्या 20-सी है, जो अलीगढ़ रोड स्थित नवीन मंडी स्थल पर संचालित होती है। बुधवार सुबह लगभग 11 बजे वह अपनी दुकान पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह दुकान में ताला लगाकर कुछ समय के लिए सामने गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखा नकदी से भरा बैग गायब है। बैग में लगभग 2.5 लाख से 2.70 लाख रुपये रखे हुए थे।
घटना का पता चलते ही व्यापारी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था में ढिलाई बरती जा रही है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र घटना का खुलासा करने और मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


