हाथरस। नगर पालिका परिषद के सभागार में सफाई मजदूर संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष उमेश चंचल का शपथ ग्रहण समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और संघ के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान

अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार ने उमेश चंचल को अध्यक्ष पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद संघ के सदस्यों और कर्मचारियों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। समारोह स्थल पर खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

अपने संबोधन में नवनियुक्त अध्यक्ष उमेश चंचल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संघ के कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों और सुविधाओं के लिए वह पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

समारोह में मौजूद वक्ताओं ने भी उमेश चंचल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संघ और अधिक मजबूत होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी एवं नगर पालिका कर्मी उपस्थित रहे।


