हाथरस। सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव उधैना में एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला के साथ उसके गर्भ में पल रहे नौ माह के शिशु की भी जान चली गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतका 35 वर्षीय सोनिया की शादी वर्ष 2018 में गांव उधैना निवासी किशन कुमार से हुई थी। किशन कुमार खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। सोनिया मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी। दंपति का एक बच्चा पहले से है और सोनिया दूसरी बार गर्भवती थी। गर्भावस्था का नौवां महीना चल रहा था।

बताया जा रहा है कि अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले सादाबाद ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे हाथरस के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दे दी है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर रही है।


