राज्य परिवर्तन आयोग से आये विशेषज्ञ राठौर एवं नीति आयोग के प्रतिनिधि ने सादाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।
हाथरस जनपद के सादाबाद ब्लॉक में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए उत्तर प्रदेश शासन के राज्य परिवर्तन आयोग से आए विशेषज्ञ अवनेंद्र कुमार राठौर और नीति आयोग के प्रतिनिधियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आई एम आलम और डॉ आर एन सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अस्पताल में प्रसूता महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं, प्रसव कक्ष की व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता और महिला मरीजों की देखभाल का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ टीम ने गर्भवती महिलाओं के समय पर उपचार, नियमित जांच और सुरक्षित प्रसव को लेकर चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी ली। साथ ही मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जमीनी स्थिति और उनके प्रभाव की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी और समय पर इलाज सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि मातृ मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सके।
इसके अलावा टीम ने अरबन पीएचसी सादाबाद और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदपा का भी निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई, टीकाकरण व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं और स्वास्थ्य कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
इस निरीक्षण को स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार और ग्रामीण इलाकों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


