हाथरस में भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के कार्यकर्ताओं ने मथुरा रोड स्थित ओढ़पुरा बिजलीघर पर बिजली विभाग की विजिलेंस टीम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया।

किसानों ने आरोप लगाया कि छापेमारी के नाम पर गरीब उपभोक्ताओं और किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान संबंधित विजिलेंस अधिकारियों को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई। संगठन के राष्ट्रीय सचिव राम जादौन ने कहा कि गोपालपुर फीडर से पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिलने के कारण किसानों को सिंचाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने निर्धारित समय के अनुसार निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने और विद्युत समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष ठाकुर आशीष सिंह, प्रदेश महासचिव के.के. शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।


