हाथरस में बंटवारे के विवाद में हुई फायरिंग मामले में थाना चन्दपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशु और धर्मेन्द्र के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा और .315 बोर का एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
यह मामला 3 जुलाई 2026 का है, जब थाना चन्दपा क्षेत्र के गांव कछपुरा में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर बातचीत के दौरान विवाद हो गया था। कहासुनी बढ़ने पर हुई फायरिंग में महेश और गिरीश गोली लगने से घायल हो गए थे। इस घटना के संबंध में थाना चन्दपा में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
इससे पहले पुलिस 4 जुलाई को एक आरोपी राजाबाबू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। अब पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत दो अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली गई है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


