मंडी समिति में चोरी और अव्यवस्थाओं को लेकर आढ़तियों का प्रदर्शन, प्रशासन से लगाई गुहार
हाथरस की मंडी समिति में हुई चोरी की घटना और लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाओं को लेकर मंडी आढ़तियां एसोसिएशन ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। बुधवार को एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपने कलेक्ट्रेट पहुंचा। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया।
आढ़तियों ने बताया कि मंडी समिति स्थित फर्म अरुण कुमार योगेश कुमार की दुकान संख्या सी-20 में 6 मई 2026 को दिनदहाड़े चोरी की घटना हुई थी, लेकिन अब तक पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। इससे व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों का आरोप है कि घटना के समय मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मंडी परिसर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंडी में टूटी सड़कें, क्षतिग्रस्त टीन शेड, खराब फर्श, पेयजल संकट, प्रकाश व्यवस्था की कमी और सुरक्षा इंतजामों की लगातार शिकायतें की गईं, लेकिन मंडी प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
व्यापारियों ने बताया कि मंडी प्लेटफॉर्म पर लगे टीन शेड महीनों से टूटे और खुले पड़े हैं। जल्द ही बाजरा और मक्का का सीजन शुरू होने वाला है, ऐसे में बारिश के दौरान किसानों और व्यापारियों का माल भीगने से लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है। आरोप लगाया गया कि संबंधित ठेकेदार महीनों से गायब है और निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
आढ़तियों ने मांग की कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा कराया जाए और मंडी परिसर में व्याप्त सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए। इस पर अपर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र ने संबंधित अधिकारियों को फोन कर जल्द कार्रवाई और समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
ज्ञापन देने वालों में उमाशंकर वार्ष्णेय, प्रवीन वार्ष्णेय, नरेंद्र बंसल, सौरभ अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, अमित अग्रवाल और दीपक अग्रवाल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।


