हाथरस जिले में मामूली विवाद ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब एक दबंग युवक ने घर के बाहर बुलाकर युवक पर तमंचे से फायरिंग कर दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पूरी वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

मामला कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के नगला चौबे का है। बताया जा रहा है कि प्रेमचंद नाम के युवक का एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी ने प्रेमचंद को फोन कर घर के बाहर बुलाया और गाली-गलौज करते हुए परिवार के सामने ही तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली लगने से प्रेमचंद घायल हो गया।

घायल युवक को परिजन तुरंत थाने लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजकर डॉक्टरी परीक्षण कराया। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक हाथ में तमंचा लेकर उसे लोड करता दिखाई दे रहा है।
पीड़ित प्रेमचंद का कहना है कि आरोपी अपने साथ चार-पांच लोगों को लेकर उसके घर पहुंचा था और जान से मारने की नीयत से हमला किया। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


