हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जलेसर रोड स्थित गंदे नाले के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक दरकोला निवासी 60 वर्षीय रोदास अपने साथी 62 वर्षीय हरवीर के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर 18 वर्षीय सूरज और उसके पिता 45 वर्षीय सत्यपाल सवार थे, जो जंक्शन की ओर से आ रहे थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीएचसी के डॉक्टर हितेश कुमार के अनुसार घायलों के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


