हाथरस जनपद से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा मेंडू के गांव रूपनगर निवासी 45 वर्षीय प्रेमसिंह की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेमसिंह गाजियाबाद में एक भट्टे पर मुनीम के रूप में कार्यरत थे और इन दिनों अपने घर आए हुए थे। मंगलवार सुबह वह दैनिक क्रिया के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान कस्बा मेंडू के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। वहीं परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक व्याप्त है।


