हाथरस: झोलाछाप के इंजेक्शन से मासूम की मौत, परिजनों का हंगामा
हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र में कथित झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से एक आठ वर्षीय मासूम की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव छोड़ा निवासी प्रवीण पाठक के पुत्र देव पाठक को अचानक पेट दर्द की शिकायत हुई। परिजन उसे नगला गढ़ू चौराहे के पास स्थित एक कथित डॉक्टर के पास ले गए, जहां उसे इंजेक्शन लगाया गया। आरोप है कि इंजेक्शन लगने के बाद बच्चे की हालत तेजी से बिगड़ गई।
परिजन आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद हंगामा बढ़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। प्रारंभ में परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे थे, लेकिन समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


