सासनी (हाथरस)। कोतवाली क्षेत्र के लुटसान रोड पर मंगलवार दोपहर एक महिला के मोबाइल टॉवर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। विवाहिता अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर करीब 100 फीट ऊंचे टॉवर के शीर्ष पर जा बैठी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरमाना निवासी 30 वर्षीय पूजा, पत्नी यशपाल, अचानक ससुराल से निकलकर लुटसान रोड स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। महिला को ऊंचाई पर बैठे देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई।
सूचना मिलते ही एसडीएम नीरज शर्मा, कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियातन फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाया गया और टॉवर के नीचे सुरक्षा जाल बिछाया गया। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए एंबुलेंस को भी मौके पर तैनात रखा गया।

बताया जाता है कि टॉवर पर बैठी महिला ने फोन के जरिए अपने मायके पक्ष को सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया। हालांकि, वह काफी देर तक अपनी मांग पर अड़ी रही।
करीब तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयम के साथ स्थिति को संभाला। लगातार समझाइश और प्रयासों के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

एसडीएम नीरज शर्मा ने बताया कि महिला की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता थी और उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


