हाथरस जिले के अलीगढ़ रोड स्थित नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नहर में शव तैरता देख स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया गया

बताया जा रहा है कि युवक के शरीर पर केवल बनियान और अंडरवियर मौजूद था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है।

घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


