हाथरस के बांगला जिला अस्पताल में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी अतुल वत्स अचानक औचक निरीक्षण के लिए अस्पताल पहुंच गए।

डीएम के पहुंचते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाइयों और सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने ओपीडी, दवाई कक्ष और पर्चा काउंटर का बारीकी से निरीक्षण किया। अस्पताल में लंबी लाइन में बैठे मरीजों को देखकर उन्होंने अधिकारियों को टोकन नंबर व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को घंटों इंतजार न करना पड़े और व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

डीएम अतुल वत्स ने साफ शब्दों में कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान सीएमओ, सीएमएस सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। डीएम की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा रहा।


