हाथरस। अनाज मंडी परिसर में हाल ही में हुई चोरी की घटना को लेकर व्यापारियों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। गुरुवार को आढ़तिया एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सदर राज बहादुर एवं सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण से मुलाकात कर मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

व्यापारियों का कहना है कि मंडी परिसर में लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं, जबकि तैनात सुरक्षा कर्मी भी अपनी जिम्मेदारियों का समुचित निर्वहन नहीं कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में व्यापारी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने के साथ ही मंडी की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि घटना की जांच तेजी से कराई जा रही है और जल्द ही दोषियों का खुलासा किया जाएगा। साथ ही मंडी में सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए जाएंगे।
बैठक के दौरान आढ़तिया एसोसिएशन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


