भैया दूज पर मातम में बदली खुशियां, सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत
हाथरस में भैया दूज के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर मायके जा रही 55 वर्षीय रामादेवी की हादसे में जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक, रामादेवी अपने बेटे विकास के साथ अलीगढ़ से मायके जा रही थीं। बुधवार सुबह करीब 6 बजे सादाबाद-जलेसर मार्ग पर गांव पीहुरा के पास उनकी बाइक का अगला पहिया सड़क के गड्ढे में चला गया। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठीं रामादेवी उछलकर सड़क पर गिर पड़ीं।
सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भैया दूज के पावन पर्व पर हुई इस दुखद घटना से दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।


