हाथरस में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
आगरा से दवा लेकर लौट रहे थे दोनों चचेरे भाई, हादसे में एक घायल; परिवार में मचा कोहराम
हाथरस। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव कोटा कपूर के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सासनी क्षेत्र के वीर नगर गांव निवासी सुधीर पुत्र महिपाल सिंह अपने चचेरे भाई राजीव पुत्र तिलक सिंह के साथ रविवार सुबह आगरा दवा लेने गया था। दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे कोटा कपूर गांव के पास आगरा की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने सुधीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल राजीव का उपचार किया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुधीर मेहंदी लगाने का काम करता था और अभी अविवाहित था। हादसे की खबर मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


