चंदपा में स्कूल बस और ईको की भिड़ंत, पिता-पुत्र समेत दो की मौत
हाथरस। सोमवार सुबह चंदपा कोतवाली क्षेत्र में ककोड़ी और अल्हैपुर के बीच स्कूल बस और मजदूरों से भरी ईको गाड़ी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ईको चालक 32 वर्षीय राजा बाबू राकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी में सवार सात मजदूर घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। घायल मजदूर सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव आरती के रहने वाले बताए गए हैं। सभी रातभर हाथरस में पल्लेदारी करने के बाद सोमवार सुबह ईको से अपने गांव लौट रहे थे। करीब 6:30 बजे ककोड़ी गांव से आगे स्कूल बस से उनकी ईको की भिड़ंत हो गई।

हादसे में हरदम सिंह, वीरेंद्र, नरेश, वीकेश और अविनाश समेत अन्य मजदूर घायल हुए। गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय राकेश पुत्र लान सिंह को आगरा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। बताया गया है कि मृतक राकेश और ईको चालक राजा बाबू पिता-पुत्र थे। दोनों की मौत से गांव में मातम पसरा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।


