हाथरस में भीषण सड़क हादसा: दो रोडवेज बसों और मैक्स की टक्कर, करीब एक दर्जन घायल
हाथरस। जिले के सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गांव ईसेपुर के पास हाईवे पर दो रोडवेज बसों और एक मैक्स वाहन की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर निर्माण कार्य चलने के कारण यातायात केवल एक लेन से संचालित किया जा रहा था। इसी दौरान जयपुर की ओर से आ रही एक रोडवेज बस और सामने से आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज बस गांव ईसेपुर के निकट आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी चपेट में एक मैक्स वाहन भी आ गया।

हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक रोडवेज बस सड़क किनारे खाई में उतर गई, जबकि दूसरी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मैक्स वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में दोनों बसों और मैक्स में सवार करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सिकंद्राराऊ थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से बसों और मैक्स में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हाईवे पर निर्माण कार्य के चलते एक लेन से हो रहे यातायात को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


