मंडी समिति में मजदूरों और आढ़तियों के बीच हिंसक झड़प, फायरिंग से मची अफरा-तफरी
हाथरस की मंडी समिति में आज सुबह मजदूरों और आढ़तियों के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हंगामे के दौरान एक व्यक्ति ने बंदूक से हवा में फायरिंग कर दी, जिससे पूरे मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि एक मजदूर के साथ मारपीट की घटना से नाराज मजदूर बड़ी संख्या में संबंधित आढ़त पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और फायरिंग की घटना सामने आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फायरिंग से आक्रोशित मजदूरों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। देखते ही देखते मंडी परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

सूचना मिलते ही एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह, सीओ सिटी हिमांशु माथुर और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
फिलहाल मंडी समिति में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


