हाथरस में प्रशासन ने एक कॉल सेंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके संचालन पर रोक लगा दी है। लखनऊ अग्निकांड के बाद सुरक्षा मानकों की जांच के तहत सदर एसडीएम ने टीम के साथ अलीगढ़ रोड स्थित कॉल सेंटर पर छापेमार कार्रवाई की, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
वीओ
हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित स्वास्तिक ज्योति संस्थान में संचालित कॉल सेंटर पर सदर एसडीएम राजबहादुर सिंह ने प्रशासनिक टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कॉल सेंटर में कई गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आईं। अधिकारियों को विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन नहीं मिला और बिजली के तार अव्यवस्थित पाए गए।
इसके अलावा भवन की दूसरी और तीसरी मंजिल से बाहर निकलने के लिए केवल एक संकरी सीढ़ी होने की बात सामने आई, जिससे किसी भी आपात स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। निरीक्षण के दौरान संबंधित दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगे गए, लेकिन संचालक आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके।
जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने कॉल सेंटर संचालकों को नोटिस जारी कर दिया है। फिलहाल सुरक्षा मानकों और आवश्यक अनुमति संबंधी दस्तावेज पूरे होने तक कॉल सेंटर के संचालन पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य संस्थानों में भी हड़कंप का माहौल है।


