खाना बनाते समय घर में लगी भीषण आग, दंपति झुलसे, दो पालतू कुत्तों की दर्दनाक मौत
हाथरस जिले के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र स्थित रत्नगर्भा कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद सामान जलकर राख हो गया, वहीं दो पालतू कुत्तों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना में मकान मालिक और उनकी पत्नी भी झुलस गए।
बताया जा रहा है कि रत्नगर्भा कॉलोनी निवासी चंकी पांडे पुत्र श्रीनाथ पांडे के मकान में खाना बनाते समय अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। मकान से उठती धुएं और आग की ऊंची लपटों को देखकर कॉलोनी में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
घटना की सूचना तुरंत इलाका पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर में मौजूद दो पालतू कुत्तों की जलकर मौत हो चुकी थी।
मकान मालिक चंकी पांडे ने बताया कि खाना बनाते समय अचानक आग लग गई, जिससे वह और उनकी पत्नी झुलस गए। आग की चपेट में आने से घर का काफी सामान भी जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


