हाथरस में सेना के जवान अखिलेश हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, दो और आरोपियों से बरामद हुए तमंचे।
हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र में हुए सेना के जवान अखिलेश कुमार हत्याकांड में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों रवि उर्फ गट्टे और सौरभ को न्यायालय के आदेश पर पुलिस कस्टडी रिमांड में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो तमंचे 315 बोर, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है कि 5 फरवरी 2026 को चंद्रा फार्म हाउस के पास भारतीय सेना के जवान अखिलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। वहीं फरार चल रहे रवि उर्फ गट्टे और सौरभ ने बाद में कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था।
पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में थाना सादाबाद पुलिस लगातार मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


