घर में सो रही महिला के ऊपर गिरा टेबल फैन,विद्युत करंट की चपेट में आकर गर्भवती महिला की हुई मौत।
हाथरस जिले के कोतवाली चन्दपा क्षेत्र के गांव नगला मोती राय में एक दर्दनाक हादसे में गर्भवती महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि 26 वर्षीय अंजू पत्नी शिवकुमार घर में सो रही थी। इसी दौरान पास में रखा टेबल फैन अचानक उसके ऊपर गिर पड़ा। फैन में विद्युत करंट उतरने के कारण अंजू उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी।
परिजन तुरंत महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस गांव पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाई। हालांकि, परिजन महिला के शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसे घर वापस ले गए।
बताया जा रहा है कि मृतका गर्भवती थी, जिससे परिवार का दुख और भी बढ़ गया है। महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


