सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, हादसा या कुछ और—जांच में जुटी पुलिस
हाथरस। जनपद के थाना मुरसान क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गहन जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान थाना चंदपा क्षेत्र के गांव चाचपुर निवासी लालकृष्ण उर्फ काका (पुत्र विजेंद्र) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक लालकृष्ण मंगलवार रात करीब 10 बजे सादाबाद क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह देर रात बाइक से घर लौट रहा था, लेकिन वह अपने गांव नहीं पहुंचा।

रातभर संपर्क न होने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। बुधवार सुबह सूचना मिली कि मुरसान क्षेत्र के गांव गोलनगर के पास सड़क किनारे उसकी बाइक और शव पड़े हुए हैं।

प्राथमिक जांच में पुलिस इस घटना को सड़क हादसा मानकर चल रही है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की बाइक किसी पोल से टकरा गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।


