हाथरस में पुलिस हिरासत में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना चंदपा कोतवाली में बृहस्पतिवार रात करीब 9:30 बजे हुई। युवक को एक किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, युवक ने शौचालय जाने की बात कही। थाने में तैनात पुलिसकर्मी उसे शौचालय तक ले गए। लगभग 15 मिनट तक जब वह बाहर नहीं आया, तो पुलिसकर्मियों को शक हुआ। अंदर देखने पर युवक शौचालय के रोशनदान की ग्रिल से अपने अंगोछे से फांसी का फंदा बनाकर लटका हुआ मिला।

इस घटना से थाने में हड़कंप मच गया। युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसके परिवार को सूचित कर दिया गया है।
मृतक की पहचान गाजियाबाद के लोनी निवासी 30 वर्षीय चंद्रपाल पुत्र भोलाशंकर के रूप में हुई है। वह चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव पट्टी सावंत की 16 वर्षीय एक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। किशोरी के पिता ने इस संबंध में चंदपा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम को लोनी से किशोरी और चंद्रपाल को बरामद किया था। किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया, जबकि चंद्रपाल पुलिस हिरासत में था। किशोरी और चंद्रपाल सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए थे, और वह 15 अप्रैल को किशोरी को अपने साथ ले गया था। युवक द्वारा थाने में फांसी लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस महक में में खलबली मच गई। पुलिस ने मृतक के परिवार के लोगों को सूचित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा पहले जिला अस्पताल पहुंचे और फिर थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।


