हाथरस में बड़ा हादसा टला: हाईटेंशन लाइन से टकराया गेहूं से भरा ट्रक, केबिन में लगी भीषण आग
हाथरस जनपद के कोतवाली मुरसान क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब गेहूं से लदा एक ट्रक हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया और उसके केबिन में अचानक आग लग गई। घटना गांव दयालपुर के पास की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक हाथरस से मथुरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे केबिन में चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग भड़क गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने घबराने के बजाय सूझबूझ का परिचय दिया। उसने जलते हुए ट्रक को तुरंत आबादी से दूर एक सुरक्षित स्थान की ओर ले जाकर खड़ा कर दिया, जहां पानी की उपलब्धता थी।
इसके बाद चालक ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों के सहयोग से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।


