हाथरस। सदर तहसील सभागार में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया
हाथरस। सदर तहसील सभागार में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन एवं टूलकिट वितरित किए गए, वहीं युवाओं को स्वरोजगार के लिए बिना ब्याज के ऋण स्वीकृति पत्र (चेक) प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर मौजूद रहीं। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव आर्य, एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बैंक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा महिलाओं को सिलाई मशीन किट एवं युवाओं को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण के चेक वितरित किए गए।
अपने संबोधन में विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत पहले एक लाख रुपये तक का ऋण दिया जाता था, जिसे अब बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया है। यह ऋण पूर्णतः ब्याज मुक्त है और यदि लाभार्थी चार वर्ष के भीतर ऋण का समय पर भुगतान कर देते हैं, तो उन्हें 10 प्रतिशत तक की सब्सिडी का भी लाभ मिलता है।
उन्होंने कहा कि इस योजना से युवा स्वयं का रोजगार शुरू कर सकते हैं और अन्य लोगों को भी रोजगार देने में सक्षम बनेंगे। वहीं महिलाओं को दिए गए टूलकिट के माध्यम से वे रेडीमेड गारमेंट्स जैसे कार्यों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करेंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।


