ज्वैलर्स की दुकान में चोरी का प्रयास, बदमाश CCTV कैमरे उखाड़कर फरार
सिकंदराराऊ (हाथरस), 15 मार्च।
कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र में शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक ज्वैलर्स की दुकान में चोरी का प्रयास किया। बदमाश दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे उखाड़कर फरार हो गए। हालांकि घटना की कुछ फुटेज रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार कस्बे के व्यस्त राठी चौराहे पर स्थित चौहान ज्वेलर्स को शनिवार देर रात करीब 3:30 बजे 3 से 4 अज्ञात युवकों ने निशाना बनाया। सभी बदमाशों ने टोपी पहन रखी थी और अपने चेहरे ढक रखे थे। सबसे पहले उन्होंने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को उखाड़ दिया, ताकि उनकी पहचान रिकॉर्ड न हो सके। इसके बाद बदमाशों ने दुकान के शटर में लगे तालों को तोड़ने का प्रयास किया।
दुकान मालिक विनोद कुमार चौहान, निवासी मोहल्ला नौरंगाबाद, ने बताया कि सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर के तालों पर तोड़फोड़ के निशान और सीसीटीवी कैमरे उखड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि सुबह होने और बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ने के कारण बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम दिए बिना ही मौके से फरार हो गए। जाते समय वे दुकान के दो सीसीटीवी कैमरे भी अपने साथ ले गए। हालांकि कैमरे उखाड़े जाने तक की फुटेज रिकॉर्डिंग में सुरक्षित है, जिसमें 3 से 4 कम उम्र के युवक दिखाई दे रहे हैं और उनके चेहरे आंशिक रूप से नजर आ रहे हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पाया कि दुकान से कोई सामान चोरी नहीं हुआ, लेकिन चोरी की पूरी तैयारी की गई थी।
सिटी इंचार्ज रामनरेश ने बताया कि घटना के समय वहां तैनात पुलिसकर्मी राउंड पर गए हुए थे। वहीं कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिल गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


