हाथरस: रसोई में गैस सिलेंडर में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के 5 लोग झुलसे
हाथरस जिले के कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव नूरपुर में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। घर के रसोईघर में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिससे एक मासूम बच्चे सहित एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, गांव नूरपुर निवासी अरविंद के घर में खाना बनाते समय अचानक गैस रिसाव के कारण एचपी कंपनी का सिलेंडर आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और रसोईघर में मौजूद परिवार के सदस्य इसकी चपेट में आकर झुलस गए।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह सभी घायलों को घर से बाहर निकालकर आग पर काबू पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अरविंद, प्रताप, राजू, शशि और लोकेश (बच्चा) को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हादसा गैस एजेंसी की लापरवाही के कारण हुआ। परिजनों का कहना है कि सिलेंडर शुरू से ही गैस लीक कर रहा था और इसकी शिकायत एजेंसी को कई बार दी गई थी, लेकिन कोई कर्मचारी जांच करने या सिलेंडर बदलने नहीं आया।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल शिव कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं इस घटना को लेकर ग्रामीणों में गैस एजेंसी के खिलाफ काफी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि लीक वाले सिलेंडर देना लोगों की जान के साथ खिलवाड़ है।


