हाथरस: बिजली गिरने से कोल्ड स्टोरेज की दीवार ढही, 10 हजार आलू पैकेट खराब
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक मौसम बदलने के दौरान हल्की बारिश और तेज आसमानी बिजली कड़कने के बीच एक कोल्ड स्टोरेज पर बिजली गिर गई। तेज धमाके के साथ कोल्ड स्टोरेज के चैंबर की दीवार ढह गई, जिससे भारी नुकसान हो गया।
घटना सासनी कोतवाली क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ रोड (NH-93) स्थित कान्हा कोल्ड स्टोरेज की है। जानकारी के अनुसार, कोल्ड स्टोरेज के चैंबर नंबर-1 की पिछली दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस चैंबर में रखा करीब 10 हजार पैकेट आलू पूरी तरह खराब हो गया।
कोल्ड स्टोरेज के प्रतिनिधि विश्वजीत सिंह ने बताया कि उन्हें रात करीब 3 बजे घटना की सूचना मिली। फोरमैन के अनुसार, क्षेत्र में तेज बूंदाबांदी और जोरदार बिजली कड़कने के कारण दीवार क्षतिग्रस्त होकर गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शी और इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने बताया कि रात करीब 2 से 3 बजे के बीच वह एडजस्ट लगाने के लिए जा रहे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ दीवार गिर गई। वहीं कर्मचारी नवनीत ने बताया कि बिजली कड़कने के तुरंत बाद यह हादसा हुआ।
गनीमत रही कि घटना के समय सभी कर्मचारी और मजदूर स्टोरेज के आगे वाले हिस्से में मौजूद थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि इस हादसे में करीब 50 से 70 किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया, जिनका आलू इस कोल्ड स्टोरेज में रखा हुआ था।
फिलहाल कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन मलबा हटाने और नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है। नुकसान की सटीक राशि अभी तय नहीं हो सकी है।


