हाथरस के मुरसान कस्बे में एक सड़क हादसे में 6 साल की बच्ची दामिनी की मौत हो गई। इस दुर्घटना में बच्ची के माता-पिता भी घायल हुए हैं। यह परिवार कौशांबी से अपने गांव लौट रहा था। जानकारी के अनुसार, कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव हरिया की गढ़ी निवासी विपिन वैक्सीन सप्लाई का काम करते हैं।
वह अपनी पत्नी पूजा और बच्चों के साथ अपनी ससुराल कौशांबी गए थे। 7 मार्च को परिवार हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरा। वहां से वे ऑटो में बैठकर अपने गांव हरिया की गढ़ी लौट रहे थे।
मुरसान कस्बे में एक अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो को टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान दामिनी की मौत
इस हादसे में विपिन की 6 साल की बेटी दामिनी, विपिन और उनकी पत्नी पूजा घायल हो गए। दामिनी की हालत गंभीर थी, जिसे पहले हाथरस जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा में दामिनी को पहले एक निजी अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। आज सुबह इलाज के दौरान दामिनी की मौत हो गई। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस लाया गया है। दामिनी कक्षा एक की छात्रा थी।


