हाथरस में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर चंदपा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल का उपचार चल रहा है।
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव झींगुरा निवासी विकास और सुनील आज रात बाइक से हाथरस से अपने गांव लौट कर जा रहे थे।
रास्ते में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर चंदपा थाने से थोड़ा सा पहले नगला भुस के पास वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद वाहन चालक वहां से भाग गया।
मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और इन दोनों को बेहद गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
सूचना मिलने पर उनके परिवार के लोग भी वहां आ गए।
दोनों को उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा गया।
रास्ते में एक घायल विकास पुत्र विजयपाल की मौत हो गई। दूसरे घायल का अलीगढ़ में उपचार चल रहा है।
दुर्घटना के बाद मृतक के घर पर कोहराम मच गया।
शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।


