बहन की शादी का रिश्ता करने आए, लूटकर चले गएः हाथरस में रिटायर्ड टीचर और बेटे के हाथ-पैर बांधे, मुंह में तकिए की रूई ठूसी
हाथरस में शनिवार को दिनदहाड़े बदमाश मेहमान बनकर घर में घुसे। उन्होंने रिटायर्ड टीचर और उनके बेटे को बंधक बनाकर हथियारों के बल पर लूटपाट की। शोर मचाने पर मौके पर भीड़ लग गई, पुलिस भी पहुंच गई। लेकिन, बदमाश इससे पहले ही भाग गए।
हाथरस में शहर के बीचो-बीच चूड़ी वाली गली निवासी राधा शर्मा रिटायर्ड टीचर हैं। उनका बेटा शलभ शर्मा हाथरस में नगर पालिका में जलकल विभाग में कर्मचारी है। शलभ की अभी शादी नहीं हुई है। शनिवार सुबह एक व्यक्ति ने राधा शर्मा के पास फोन किया। उसने कहा कि वह सादाबाद के रहने वाला है। अपनी बहन के रिश्ते की बात उनके बेटे से करने के लिए आना चाहता है। इस पर राधा शर्मा ने हामी भर दी।
पैदल आए युवकों ने खटखटाया दरवाजा
दोपहर करीब 1 बजे दो युवक पैदल आए। उन्होंने राधा शर्मा के घर का दरवाजे खटखटाया। राधा शर्मा जब गेट पर आईं, तो युवकों ने कहा, वे लोग सादाबाद से आए हैं। रिश्ते की बात करनी है। इस पर राधा शर्मा ने दोनों युवकों को घर के अंदर बुला लिया।
मेहमानों की तरह घर में कराया नाश्ता
दोनों युवकों को कमरे में बैठाया और मेहमानों की तरह
चाय-नाश्ता कराया। एक युवक ने चेहरे पर मास्क लगा
रखा था। रिश्ते की बात करते समय युवकों ने बताया कि
उनकी बहन एक बैंक में मैनेजर है। उसी के रिश्ते की
बात करने आए हैं। बात आगे बढ़ने पर दोनों युवकों ने
मकान दिखाने को कहा। नीचे का हिस्सा देखने के बाद
दोनों राधा शर्मा और उनके बेटे को ऊपर की मंजिल पर
ले गए।
जैसे ही दोनों ऊपर की मंजिल पर पहुंचे, कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद दोनों युवकों ने चाकू और अन्य हथियार निकाल लिए। राधा शर्मा और उनके बेटे शलभ को एक किनारे किया।
अपने साथ ही बदमाश लेकर आए थे रस्सी इसके बाद मां-बेटे को रस्सी से बांध दिया। यह रस्सी भी बदमाश खुद ही लेकर आए थे। फिर बदमाशों ने पूरे घर में जमकर लूटपाट की। घर में रखा कैश और ज्वेलरी लूटी। राधा शर्मा के पहने हुए जेवर भी उतरवा लिए। उसके बाद दोनों बदमाशों ने एक तकिया फाड़ा और उससे रूई निकाली। फिर इसी रूई को मां-बेटे के मुंह में ठूंस दिया और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर भाग गए।
एक किलो सोना कहां है बताओ जल्दी
रिटायर्ड शिक्षिका के अनुसार, हथियार दिखाते हुए बदमाशों ने उनसे कहा, हमें यह मालूम है कि तुम्हारे पास एक किलो सोना है। उस सोने को हमें दे दो। तुम यह मत समझो कि हम केवल दो लोग हैं। हमारे कुछ साथी और भी हैं। बदमाश जेवर, नकदी के अलावा दो मोबाइल फोन भी लूट कर ले गए हैं।
इसके बाद शलभ ने जैसे-तैसे खुद को बंधनमुक्त किया और शोर मचाया। शोर मचाने पर बराबर की छत से पड़ोसी उतर कर आए। फिर काफी मशक्कत करके मां-बेटे को कमरे से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और छानबीन की। बदमाशों के चेहरे CCTV में कैद हुए हैं। इसमें बदमाश पैदल आते और जाते दिखाई दे रहे हैं।


