हाथरस में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया राजमिस्त्री, मौत:विद्युत लाइन पर लटका रहा शव, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के इगलास रोड पर नगला सड़क में एक मकान की दीवार का निर्माण करते समय मकान के ऊपर से जा रही विद्युत हाईटेंशन लाइन से चिपक कर एक राज मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई।
काफी देर तक उसका शव विद्युत लाइन से लटका रहा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां आ गई और पुलिस ने विद्युत आपूर्ति बाधित कराकर शव को नीचे उतारा।
इसी दौरान अन्य ग्रामीण व परिवार के लोग वहां पहुंच गए और इन लोगों ने इगलास रोड पर जाम लगा दिया। इससे पूरा आवागमन बाधित हो गया। जाम लगने की सूचना मिलने पर एसडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी नगर काफी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए और जाम खुलवाया।
हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव विद्यानगर निवासी मनोज (26) पुत्र होरीलाल राज मिस्त्री का काम करता था। वह आज इगलास रोड पर नगला सड़क पर एक मकान में एक दीवार की चिनाई कर रहा था।
नगला सड़क में विद्युत हाईटेंशन लाइन काफी नीचे से गुजर रही है। ऐसे में दीवार का निर्माण करते समय मनोज हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया
लेकिन काफी देर तक मृतक के शव को उसके परिवार के लोगों ने पोस्टमॉर्टम के लिए नहीं जाने दिया।
इन लोगों का आरोप था कि मकान स्वामी ने भी इस मामले में लापरवाही बरती है।
यह लोग मुआवजे के साथ-साथ दोषी विद्युत महकमे के कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
मृतक ने अपने पीछे अन्य परिजनों के अलावा गर्भवती पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ा है।


