हाथरस उत्तर प्रदेश
हाथरस में राशन डीलर की हत्या के विरोध में प्रदर्शन:एसपी कार्यालय पर धरना दिया, परिवार को मुआवजा और लाइसेंस की मांग
हाथरस में आज राशन डीलर योगेश उपाध्याय की हत्या के विरोध में काफी लोगों ने विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया।
धरने को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी ने कहा कि पुलिस प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में उस तेजी के साथ कदम नहीं उठाए गए, जितने तेजी से होने चाहिए थे।
अभी तक मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। पीड़ित परिवार को मुआवजा और शस्त्र लाइसेंस देने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस मौके पर मांग की गई कि शेष आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। पीड़ित परिवार को आजीविका के लिए एक नौकरी दी जाए और राशन डीलर की दुकान मृतक की पत्नी के नाम आवंटित की जाए।
बोले- लखनऊ तक लड़ी जाएगी लड़ाई
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो हाथरस से लेकर लखनऊ तक न्याय की लड़ाई लड़ी जाएगी। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वर्ण परिषद के पदाधिकारी भी मौजूद थे। इस मौके पर एसडीएम सदर और अपर पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
यह रहे मुख्य रूप से मौजूद
इस अवसर पर आशीष शर्मा, धर्मेश शर्मा, श्याम सुंदर शर्मा, आचार्य भरत तिवारी, विकास कौशिक, बब्बी पंडित, सोनू शर्मा , विष्णु कांत दीक्षित, मोहित उपाध्याय, राकेश उपाध्याय, दुर्गादत्त उपाध्याय, कपिल मोहन गौड़, मदन मोहन गौड़, शरद उपाध्याय नंदा, विनय चतुर्वेदी, बृजेश वशिष्ठ, दिनेश शुक्ला, विष्णु शुक्ला, प्रवीण शुक्ला, चुन्नू पंडित, मनोज एडवोकेट, महेश पाठक, बंटू शर्मा ,संतोष शर्मा, विनय सारस्वत, राहुल पांडेय, राजा पंडित, विपिन उपाध्याय आदि मौजूद थे।
दो फरार आरोपियों पर इनाम घोषित
यहां यह तथ्य भी उल्लेखनीय है कि इस हत्याकांड में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल ने दो अन्य आरोपियों सोनू और जितेंद्र उर्फ जीतू पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी लगातार दबिश दे रही है।


