हाथरस। आगरा अलीगढ़ राजमार्ग रूहेरी के निकट बुधवार दोपहर नरौरा डिपो की बस ने ससुराल से आ रहे बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती और उनके बेटे की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
जबकि तीन माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। वहां से गुजर रहीं सासनी एसडीएम लवजीत कौर ने हादसे को देखा तो वह रुक गई और घायल बच्ची को अपनी गाड़ी से जिला गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल अस्पताल लेकर आई। बच्ची को रेफर कर दिया गया। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं टक्कर मारने के बाद चालक बस को लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे सासनी में दबोच दिया। जानकारी के मुताबिक, आगरा के थाना एत्मादपुर के मोहल्ला सत्ता निवासी इकबाल पुत्र रियाजुद्दीन गांव-गांव फलों की फेरी लगाकर मजदूरी करता था। पिता रियाजुद्दीन ने बताया कि कुछ दिनों से काम बंद चल रहा था बेटे के दोनों बच्चे छोटे थे। इस कारण 20 दिन पूर्व वह पत्नी को अपनी ससुराल अलीगढ़ के थाना रोरावर के गांव जलालपुर में छोड़ गया। बुधवार सुबह बेटा घर से बाइक लेकर पत्नी और बच्चों को लेने चला गया।
ससुराल से लौटते समय रूहेरी के निकट हाथरस की ओर से आ रही नरौरा डिपो की रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बेटा इकबाल उसकी पत्नी गुलस्ता और दो साल के उसके बेटे आहत को मौके पर ही मृत्यु हो गई ।
जबकि तीन माह की बेटी आयत गंभीर घायल हो गई। घायल बच्ची को जिला अस्पताल से अलीगढ़ मेडिकल रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। कोतवाल सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि रोडवेज बस की टक्कर से दंपती समेत दो बच्चों की मृत्यु हुई है। रोडवेज और उसके चालक को हिरासत में लिया गया है। मृतक के पिता रियाजुद्दीन की तहरीर पर चालक के खिलाफ अभियोग
पंजीकृत कर लिया गया है।


